कंदवा। क्षेत्र के अदसड़ गांव के समीप बुधवार की दोपहर जेसीबी मशीन में फंसकर हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। संयोग अच्छा था कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी । तार टूटने से ककरैत फीडर से जुड़े अदसड़, ककरैत, करौती और ओयरचक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जिससे भीषण गर्मी व उमस में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की मुख्य आपूर्ति गाजीपुर जनपद के जमानिया उपकेंद्र से होती है। वहीं अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से असना, धीना, ररुआ, ककरैत, जेवरियाबाद और विश्व बैंक फीडर संचालित होते हैं। इन आधा दर्जन फीडरों के सहारे 120 गांवों के साथ 70 राजकीय नलकूपों के अलावा सैकड़ों निजी नलकूपों और विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों और मोबाईल टावरों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। बुधवार की दोपहर ककरैत फीडर का एचटी तार अदसड़ गांव के पास जेसीबी मशीन में फंस गया जिससे पांच खंभों के तार टूटकर जमीन पर गिर गए। तार टूटने से ककरैत फीडर से जुड़े गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। संयोग अच्छा था कि उस समय बिजली सप्लाई बंद थी। विद्युत आपूर्ति ठप होने से भीषण उमस व गर्मी में लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। 24 घंटे से बिजली न मिलने से लोग गर्मी में बिलबिला उठे। घरों में रखे इंवर्टर और मोबाईल शोपीस बनकर रह गए। इस संबंध में एसडीओ विद्युत कमालपुर धर्मदेव प्रसाद ने बताया कि टूटे तारों को ठीक मराया जा रहा हैं। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।