सैयदराजा में ओवर डाइमेंशन कार्गो मशीन देखने जुटे लोग। संवाद
सैयदराजा। एथेनॉल बनाने वाली भारी भरकम मशीन लेकर 308 पहियों वाला ट्रक शुक्रवार को जिले में पहुंचा। इतने विशाल ट्रक और मशीन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। वहीं, भारी वाहन और मशीन की वजह से प्रशासन को फुटओवर ब्रिज हटाना पड़ा। इसके बाद ट्रक आगे जा सका।
बेल्जियम से बलरामपुर चीनी मिल के लिए मंगाई गई मशीन दोपहर में नौबतपुर के पास पहुंची। बड़े ट्रक को लदी भारी मशीन लोगों के लिए कौतूहल बनी थी। देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, नौबतपुर में उत्तर प्रदेश स्वागत गेट को क्रेन से हटाया गया, तब ट्रक जिले में प्रवेश कर सका। इसके बाद नौबतपुर में खनन व सेल टैक्स के बोर्ड खोलकर हटाया गया और वाहन को नौबतपुर व सैयदराजा से पार कराया गया।
वहीं, चंदौली मुख्यालय के पास जगदीशसराय में फुटओवर ब्रिज को हटाना पड़ा। इसके बाद कटसिला के पास हाईवे पर बने फुट ओवरब्रिज को हटाने का काम देर शाम तक चल रहा था। सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि ट्रक की सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीम भी ट्रक के आगे चल रही है। उन्होंने बताया कि ट्रक को सुरक्षित तरीके से जिले की सीमा से बाहर निकालना पुलिस की जिम्मेदारी है।
सीओ ने बताया कि यह मशीन बलरामपुर चीनी मिल के लिए बेल्जियम से मंगाई गई है। पहले इसे पानी के जहाज से ओडिशा के समुद्री तट तक पहुंचाया गया। इसके बाद मशीन को 308 पहियों वाले ट्रक पर लोड कर सड़क मार्ग से बलरामपुर के लिए रवाना किया गया।