राजकीय रेलवे पुलिस ने शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर चेकिंग के दौरान महिला की हत्या कर ज्वेलरी लूट कर भाग रहे युवक को दबोच लिया। युवक के पास से जेवरात भी बरामद हुए। जीआरपी ने इसकी सूचना जयपुर पुलिस को दी।
जीआरपी को शनिवार को सूचना मिली कि राजस्थान के जयपुर के रामगढ़ कालोनी सांगानेर में एक महिला की हत्या कर एक युवक भाग कर मुगलसराय आया है। प्लेटफार्म संख्या तीन पर जनहार के समीप एक युवक संदिग्ध हाल में दिखा। पकड़ कर उसकी तलाशी लेने पर उसके पास गहने मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल जैन निवासी दिमाकुल थाना पूर्वी कोतवाली जिला दीमापुर नागालैंड बताया।
उसने स्वीकार किया कि वह राजस्थान घूमने गया था। यहां शांति देवी के पौत्र से दोस्ती हुई। नौ नवंबर को उसके घर गया और शांति देवी को अकेला देख कर उसकी हत्या कर जेवरात लेकर भाग निकला। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवक के पास से हीरे का हार, मंगल सूत्र, सोने की चेन, कंगन आदि बरामद हुआ है।
युवक हत्या कर बाद अपने घर नागालैंड भागने की फिराक में था। युवक को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई राजेश कुमार, कांस्टेबल यादवेंद्र, कृष्ण कुमार, संजय कुमार, उमेश कुमार, लल्लन पाल आदि रहे।