नक्सलियों के बिहार और झारखंड सीमा पर पहुंचने की धमक और रविवार से सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रम की सूचना पर मंडल रेल प्रशासन चौकन्ना हो गया है। इसके चलते उसने पूरे मंडल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सहायक कमांडेंट बीबीएस माधव की मानें तो पूरे मंडल में सतर्कता बरती जा रही है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ ही जीआरपी और क्षेत्रीय पुलिस बल की भी मदद ली जा रही है।
नक्सलियों ने 28 अगस्त से तीन सितंबर तक साप्ताहिक बंदी और विभिन्न कार्यक्रमों आयोजन की घोषणा की है। इसे लेकर मुगलसराय, धनबाद और दानापुर मंडल पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंडलीय अधिकारियों ने हाई अलर्ट घोषित करते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा तंत्रों को निगाह रखने को कहा है। इस दौरान ट्रैकों की विशेष तौर पर सोननगर-गढ़वा रोड सेक्शन पर विशेष नजर रखने का निर्देश आरपीएफ को दिया है। ट्रेनों की सुरक्षा के लिए स्कोर्टिंग पार्टी की संख्या बढ़ा दी गई है। यात्रियों को भी सतर्क रहने को स्कोर्टिंग की ओर से सुझाव दिया जा रहा है।
इस संबंध में सहायक कमांडेंट बीबीएस माधव ने बताया कि नक्सलियों की साप्ताहिक कार्यक्रमों की सूचना के बाद मंडल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस दौरान सुरक्षा के लिए जीआरपी के अतिरिक्त शिविल प्रशासन की भी मदद ली जा रही है। आरपीएफ के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। रेल प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।