आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को सोनभद्र के लोहरा गांव में एक गोदाम पर छापा मारकर फिर विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। इससे विस्फोटकों की तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पांच आरोपी पकड़े गए हैं। एक अन्य की तलाश की जा रही है।
कोतवाली में एसपी अमित वर्मा ने सोमवार को बताया कि 16 अप्रैल को एक पिकअप से 16 हजार जिलेटिन रॉड बरामद हुए थे। इस मामले में पिकअप चालक नागेंद्र गिरि को भभुआ और उसके दोस्त अमीरचंद चौधरी को सासाराम के एक गांव से पकड़ा था। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को सोनभद्र पुलिस के सहयोग से राबर्ट्सगंज के लोहरा गांव स्थित गोदाम के तहखाने से तस्करी के लिए रखे 1935 जिलेटिन रॉड, 6100 डेटोनेटर, 2000 मीटर फ्यूज वायर बरामद किया। मौके से घोरावल के सिरसाई गांव निवासी मोहम्मद रमजान, सुकृत निवासी इस्लाम और बिहार के कुदरा के सकरी गांव निवासी अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी अमित कुमार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बताया कि यह पूर्वांचल में विस्फोटकों की सबसे बड़ी बरामदगी है। विस्फोटकों के इस्तेमाल का पता कुछ और गिरफ्तारी के बाद ही होगा। उन्होंने कहा कि यदि यह नक्सलियों के हाथ लगता तो बड़ी घटना हो सकती थी।