अलीनगर थाने की पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोमवार की देर शाम तीन युवकों को चोरी की एक बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की नौ अन्य बाइकें की बरामद कर ली। तीनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत मंगलवार को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय के नेतृत्व में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रामजी सिंह व क्राइम ब्रांच प्रभारी साजिद सिद्दीकी मय फोर्स पचफेड़वा के पास संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चोरी कर रहे थे।
इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आते दिखाई दिए। नजदीक आने पर पुलिस देखकर बाइक मोड़ ली और भागने का प्रयास करने लगे तभी शक के आधार पर पुलिसकर्मियों ने इन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में पता चला कि बाइक चोरी की है। पकड़े गए आरोपी इशू अंसारी निवासी हाटा थाना चैनपुर जिला कैमूर बिहार की निशानदेही पर दो बाइकें, पुष्पराज यादव उर्फ दीपक निवासी कठौरी थाना अलीनगर के मकान से चार मोटरसाइकलें एवं रण विजय मौर्य निवासी जसौली जिला चंदौली के मकान से तीन मोटरसाइकल बरामद की गईं। एसपी ने बताया कि इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।