एएसपी जियालाल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने शनिवार की शाम नगर में रूट मार्च किया। इस दौरान सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई। पुलिस के रूट मार्च से कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। शाम पांच बजे के करीब एएसपी जियालाल नगर में पहुंचे और कोतवाल विनोद यादव और कूड़ा बाजार, चंदासी और रेलवे कालोनी पुलिस चौकी के प्रभारियों और सिपाहियों के साथ रूट मार्च शुरू कर दिया। एएसपी स्वयं सड़कों के किनारे ठेला खोमचा लगाने वालों और बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा करने वालों को चेतावनी देते हुए चल रहे थे। लोगों को समझाया कि अतिक्रमण से राहगीरों को दिक्कत होती है। चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाली से चकिया तिराहा तक रूट मार्च किया गया।