कंदवा। क्षेत्र के अरंगी गांव में शौचालय निर्माण को लेकर गुरूवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से दो महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 नंबर ऐबुलेंस से दोनों घायल महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी भेजा। यहां एक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पुलिस दूसरे पक्ष के तीन लोगों को थाने लाकर कार्रवाई में जुटी गई है। गांव में गुरुवार की सुबह लालबहादुर के शौचालय का प्लास्तर हो रहा था। उसी समय विपक्षी दशमी राम के घर वाले वहां पहंच गए और शौचालय को गली में बनने का आरोप लगाते हुए निर्माण बंद करने को कहने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें लालबहादुर के पक्ष की अनीता (35) व मंजू (40) घायल हो गईं। अनीता की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया है।