नियामताबाद (ब्यूरो)। कालोनाईजर द्वारा मुगलसराय तहसील के गोधना गांव के सिवान में स्थित चक नाली को पाट कर निर्माण कराए जाने का शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध किया । सूचना पाकर मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार नीलम तिवारी ने कार्य को तत्काल रोकवा दिया। साथ ही मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया तब जाकर सभी शांत हुए । ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के सिवान में स्थित चकनाली को एक कालोनाइजर पाटकर दीवाल का निर्माण कर रहा है। इससे किसानों के खेतों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मुगलसराय एसडीएम विकास सिंह से मोबाइल से की। जिनके निर्देश पर नायब तहसीलदार नीलम तिवारी क्षेत्रीय लेखपाल शैलेंद्र शंकर सिंह व जयप्रकाश के साथ मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने निर्माण कार्य को रोकवा दिया। इसके बाद पैमाइश होने तक कार्य न करने का निर्देश दिया। विरोध करने वाले किसानों में कविराज पाठक, शिवधारी पाठक, अशोक पांडेय, मस्ते पाठक, हरि यादव, प्रेम यादव, रामधनी यादव, बचाऊ यादव आदि शामिल रहे।