अपहृत किशोरी बरामद, आरोपी गिरफ़्तार
1- अपहृत किशोरी बरामद, आरोपी गिरफ़्तार
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव से लगभग एक माह पूर्व अपहृत 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने गुरुवार को चंदौली रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। किशोरी को भगाने के आरोपी को भी पुलिस ने वहीं से पकड़ लिया। किशोरी के परिजनों ने 20 फरवरी को स्थानीय थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी युवक किशोरी को लेकर चंदौली-मझवार रेलवे स्टेशन से कहीं भागने के चक्कर में खड़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्र अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौकेे पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि किशोरी के परिजनों की तहरीर पर गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध धारा 363, 366 आइपीसी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो
2- ट्रक के धक्के से बाईक सवार घायल
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास लेवा इलिया मार्ग पर गुरुवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आकर बाइक चालक घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस से घायल युवक को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां गंभीर चोटें देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मूसाखांड़ निवासी कन्हैया (19) अपनी बहन के घर बजनपुरवा गया था। बहन के घर से निकलकर जैसे ही वह लेवा-इलिया मार्ग पर आया, तेज रफ्तार ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। इससे वह बाईक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। ब्यूरो