मुगलसराय। घर से नाराज होकर निकले कक्षा 10वीं के छात्र ने सोमवार की दोपहर अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गांव के समीप ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। इसके पूर्व इसकी जानकारी फोन करके अपने पिता को दी थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बबुरी थाना क्षेत्र के गुम्मा जरखोर निवासी रामनरेश यादव के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र जितेन्द्र यादव किसी प्राईवेट फर्म में नौकरी करता है और छोटा पुत्र नागेन्द्र यादव (17) कक्षा 10वीं का छात्र था। सोमवार की सुबह किसी बात से नाराज होकर नागेन्द्र संघति स्थित अपने ननिहाल चलाया आया। लोगों के अनुसार दोपहर में घर से निकलकर वह मरकुट्टा फाटक आया और किसी के मोबाइल से उसने अपने पिता से वार्ता की। बताया कि वार्ता के दौरान उसने ट्रेन के आगे कूदने की बात पिता से कही। इसके बाद वह वहां से चला गया। यह बात जब तक ननिहाल वालों को पता चलती तब तक छात्र ने जलालपुर गांव के समीप मालगाड़ी के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से मौके पर पहुंचे परिवार वालों का रो -रोकर बुरा हाल हो गया। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के अनुसार वह मंद बुद्धि का था। कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।