सकलडीहा (चंदौली)। बीते दिनों बहरवानी पुलिया के पास प्रधानमंत्री कार्यालय का घेराव कर लौट रहे शिक्षामित्र चंद्रजीत यादव (38) सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। रविवार को दोपहर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिवार वालों में कोहराम मच गया।
25 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद सभी शिक्षामित्र तनाव में हो गए थे। संघ के आवाहन पर 27 जुलाई को सभी शिक्षामित्र वाराणसी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय का घेराव करने गए थे। लौटते समय बाइक सवार चंद्रजीत यादव (38) बहरवानी पुलिया के पास खराब सड़क पर असंतुलित होकर गिर पड़े। जिसमें सिर में गंभीर चोट लगने पर जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पत्नी मुन्नी देवी, पुत्री ज्योति (13), निधि (09), पुत्र सूरज यादव दहाड़ें मारकर रोने लगे। शव घर पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार की हालत देख लोग मर्माहत थे। चंद्रजीत माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनका अंतिम दाह संस्कार बलुआ घाट पर किया गया।
-----
शिक्षामित्र संघ ने परिवार को बधाया ढांढस
शिक्षामित्र चंद्रजीत यादव की मौत की खबर मिलते ही शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत उर्फ अजीत यादव, रामकरन यादव, प्रशांत कुमार पांडेय, सुमन प्रजापति, शैलेंद्र प्रसाद, संतोष, अरविंद, संजय शर्मा आदि घर पहुंचकर परिवार को हर संभव सहयोग दिलाने का भरोसा दिया।