फोटो -14, 15
देश को मिटाने की धमकी देने वाले दो अनुयायी रिमांड पर, चार और गिरफ्तार
- कुछ अनुयायियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
देश को नक्शे से मिटाने की धमकी देने वाले आठ डेरा अनुयायियों में से दो को दो दिन के रिमांड पर ले लिया है। जबकि पांच अन्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना शहर पुलिस ने इस मामले में रविवार सुबह दो महिलाओं समेत चार और डेरा अनुयायियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन सबको अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इन सब पर देशद्रोह, भड़काऊ भाषण देने समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
गांव बुड़शाम निवासी युवती को शनिवार देर सायं मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर नारी निकेतन भेज दिया था। थाना शहर पुलिस ने भड़काऊ भाषण देने व दंगे भड़काने की कोशिश करने के आरोपों में सैकड़ों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिमांड पर लिए गए दो अनुयायियों से उनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अनुयायी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। जिला पुलिस के सख्त कदम उठाने के बाद डेरा अनुयायियों की परेशानी बढ़ गई है।
डेरा सच्चा सौदा की पंचकूला में पेशी से पहले 20 अगस्त को डेरा अनुयायियों की जीटी रोड स्थित एक गार्डन में मीटिंग हुई थी। मीटिंग की एक वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें एक सेकंड में इंडिया को नक्शे से मिटा देने की धमकी दी गई थी। थाना शहर पुलिस ने देशद्रोह, भड़काऊ भाषण देने व दंगे भड़काने समेत अन्य कई धाराओं के तहत शनिवार रात बंटी निवासी बुड़शाम, सेक्टर-11 निवासी मनीष जैन, राजमल निवासी राजाखेड़ी, सुभाष निवासी छाजपुर, भूपेंद्र निवासी बिजावा, सुरेंद्र निवासी बिजावा, जितेंद्र उर्फ राजू निवासी भाऊपुर व सुरेश निवासी गांव बांध को गिरफ्तार किया था। बंटी को रात को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर नारी निकेतन भेज दिया था। वहीं अन्य सभी आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से भूपेंद्र निवासी बिजावा व भाऊपुर निवासी जितेंद्र को दो दिन के रिमांड पर लिया। जबकि बाकि अनुयायियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दो महिलाओं समेत चार और गिरफ्तार
थाना शहर पुलिस ने रविवार को अलग-अलग स्थानों से दो महिलाओं समेत चार और अनुयायियों को गिरफ्तार किया है। इनमें इंद्र सिंह निवासी वजीरपुर टिटाना, महाबीर निवासी वजीरपुर टिटाना, कृष्णा निवासी सेक्टर-छह व कृष्णा निवासी गांव बापौली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी अनुयायियों के खिलाफ थाना शहर पुलिस ने देशद्रोह, भड़काऊ बात कहने, दंगे भड़काने, भीड़ को एकत्रित करना, जान से मारने की धमकी देना व षड़यंत्र रचने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सैकड़ों लोगों के खिलाफ केस दर्ज
डेरा प्रमुख की पेशी से पहले 20 अगस्त को जीटी रोड स्थित एक गार्डन में सैकड़ों की संख्या में अनुयायियों ने इकट्ठा होकर मीटिंग की थी। जिसमें एक सेकंड में देश को मिटाने की धमकी दी थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद थाना शहर पुलिस एक्शन में आई और सेक्टर-11 निवासी बॉबी जैन, राजेश उर्फ बंटी व सावित्री समेत सैकड़ों अनुयायियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बॉबी जैन अभी फरार है। जिसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
माफी मांगते नजर आए अनुयायी
देशद्रोह व भड़काऊ भाषण देने के आरोपों में गिरफ्तार की गई बंटी, कृष्णा व सरोज पकड़े जाने के बाद पुलिस के सामने माफी मांगती हुए नजर आई। युवती व महिलाओं ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि उनके ऐसा बोलने से इतना बड़ा बवाल हो जाएगा। वे छोड़ देने के लिए गिड़गिड़ाती रही। लेकिन पुलिस ने कहा छोड़ने का अधिकार अब केवल कोर्ट के पास है।
देश को एक सेकंड में मिटाने का वीडियो वायरल होने के बाद सैकड़ों लोगों पर देशद्रोह, भड़काऊ बात कहने, दंगे भड़काने, भीड़ को एकत्रित करने, जान से मारने की धमकी देने व षड़यंत्र रचने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तीन महिलाओं समेत 12 अनुयायियों को गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को सभी अनुयायियों को अदालत में पेश किया। जिनमें से दो अनुयायियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जबकि बाकि को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रिमांड पर लिए गए अनुयायियों से अन्य अनुयायियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
- सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।