सैयदराजा(चंदौली)। थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर गुरुवार की सुबह कांवरियों से भरी स्कार्पियो खड़े ट्रक से टकरा गई। इस घटना में स्कार्पियो में सवार सभी कांवरिए घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में पहुंचाया। यहां चार की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों से छह लोगों की टीम स्कार्पियो से बाबा धाम जल च़ढाने गए थे। जल चढ़ाने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। वे अभी सुबह दस बजे सवैया गांव के समीप ही पहुंचे थे कि चालक का नियंत्रण स्कार्पियो से हट गया और अनियंत्रित स्कार्पियो खड़े ट्रक के पीछे जाकर टकरा गई। इस घटना में सभी कांवरिए जख्मी हो गए। चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला। सूचना पाकर पहंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।यहां चालक राजकुमार राजवाड़े (25), भगत (40), लखन राजवाड़े (57) और गुंजारी लाल (42) निवासी कुंजनगर विश्राम पर थाना जयनगर सूरजपुर छत्तीसगढ़ की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया। स्कार्पियो सवार कृष्ण कुमार राजवाड़े (40) और धर्मराज मानिकपुरी (42) का इलाज यही कियाजा रहा है। लखन रजवाड़े की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।