थाना क्षेत्र के लहलहातपुर गांव के समीप मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे एक निजी विद्यालय की बस पलट गई। इस घटना में बस में सवार 24 बच्चे चोटिल हो गए। मौके पर एकत्र लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। चार छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
भदोही घटना के बाद स्कूली बस संचालन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया लेकिन इसका असर होता नहीं दिख रहा है। संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा जगह-जगह शिविर लगाकर चालकों को प्रशिक्षित किया गया और सड़क पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया लेकिन मानों यह सब हवा में ही हुआ। अभी भी बगैैर परमिट और अनफिट स्कूली बसों का संचालन जारी है। क्षेत्र के फोनिक पब्लिक स्कूल की बस धरौली, केराय गांव, लटांव, हलुआ आदि गांवों के 36 बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। लहलहातपुर गांव के समीप पहुंचते ही बस का टाइराड टूट गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। इससे बच्चों की चीख पुकार सुनाई देने लगी। चीख पुकार सुनकर एकत्र लोगों ने काफी प्रयास कर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अरुण कुमार यादव एवं प्रभारी निरीक्षक चंदौली भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पहुंच गए। इस घटना में बस चालक हिम्मत सिंह (40) निवासी लटांव, रोहित (16), प्रीति (14), साक्षी (8), हितेश (5) साक्षी (9) ललितेश (7), वैष्णवी (16), विजयलक्ष्मी (9) सहित 24 बच्चे घायल हो गए। घायलों को आस-पास के गांव में स्थित निजी अस्पतालों भर्ती कराया गया।