इलिया। क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ईसापुर खुर्द के प्रबंध समिति के खाते से प्रधानाध्यापक और प्रबंध समिति के एक सदस्य द्वारा गलत तरीके से डेढ़ लाख रुपये निकाले जाने के प्रकरण की जांच करने मंगलवार को उप जिला बेसिक शिक्षाधिकारी विद्यालय पर पहुंचे। इस दौरान उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर बावजूद प्रधानाध्यापक के गायब रहने पर अधिकारी ने नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अन्य लोगों को समस्त दस्तावेजों को बुधवार को बीएसए कार्यालय में उपलब्ध कराने का आदेश दिया। चेताया कि यदि मांगे गए दस्तावेज नहीं मिले तो आरोप को सही मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
आरोप है ईसापुर खुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रबंध समिति के खाते से प्रबंध समिति के सदस्य और प्रधानाध्यापक ने एक सप्ताह पूर्व समिति के अध्यक्ष को बिना जानकारी दिए बेंच, टेबुल आदि की खरीद के नाम पर गलत तरीके से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद समिति के अध्यक्ष ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। प्रकरण की जांच करने उप जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार मंगलवार को विद्याल पहुंचे। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया तो पाया कि प्रधानाध्यापक का हस्ताक्षर पंजिका में दर्ज है। बावजूद इसके वह विद्यालय से नदारद है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने सहायक अध्यापक एवं अनुदेशकों के समक्ष आदेशित किया कि प्रधानाध्यापक बुधवार को एसएमसी पंजिका, रसोईया पंजिका, एमडीएम पंजिका, एसएमसी बैठक रजिस्टर, पीटीए बैठक रजिस्टर, बैंक चेक बुक, बैंक पासबुक, बैंक का स्टेटमेंट के साथ बीएसए कार्यालय में उपस्थित हो अन्यथा उनके विरूद्ध आरोपों को सही मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सदर विजय यादव, खंड शिक्षाधिकारी शहाबगंज प्रकाश चंद्र यादव, एमडीएम समन्यवक नीरज सिंह, शंकुल प्रभारी हौसला पांडेय मौजूद रहे।