चकिया। कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर तथा प्रेमापुर गांव में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के नगदी तथा जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के शिकार लोगों ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस दोनों घटना को एक ही गैंग द्वारा अंजाम देने के आधार पर जांच में जुटी है।
चोरी की पहली घटना रघुनाथपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित नौगढ़ रेंज में कार्यरत महाबल सिंह के यहां हुई। महाबल सिंह के दो पुत्र प्रमोद सिंह तथा पुनीत सिंह अपने-अपने परिवार के साथ मंगलवार की रात खाना खाकर घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर की छत से अंदर प्रवेश किया तथा दरवाजों को तोड़कर प्रमोद सिंह के कमरे से 50 हजार रुपये नगद, उनकी पत्नी का सोने का हार, दो मंगलसूत्र, तीन सोने की बाली, चार चांदी का पायल, एक झूमका सहित कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं उनके भाई पुनीत सिंह के कमरे से सोने के दो मंगलसूत्र, एक बाली, एक पायल तथा 1500 रुपये नगद चुराकर फरार हो गए। भोर में घटना की जानकारी होने पर प्रमोद सिंह ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इस पर पहुंची पुलिस ने चोरी की घटना की छानबीन की। उनके घर से चुराए गए गहनों तथा कपड़े की अटैची गांव के सीवान में टूटी पाई गई। प्रमोद सिंह के अनुसार चोरों ने उनके परिवार के तीन लाख रुपये से ऊपर के गहनों तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया है।
चोरी की दूसरी घटना रघुनाथपुर से सटे प्रेमापुर गांव में हुई गांव के निवासी बेचन अली अपने पुत्र चुल्हन एवं परिवार के साथ अपने पक्के मकान में ताला बंदकर पास ही में स्थित सब्जियों के खेत के पास खपरैलनुमा घर में मंगलवार की रात सब्जी रखाने के लिए सोए थे। इसी दौरान चोर पक्के घर में छत के रास्ते नीचे उतर गए तथा उनके घर से लड़की की शादी के लिए खेत रेहन रखकर जुटाए गए सवा लाख रुपये नगद, सोने का एक भर का झूमका, एक भर का झालर, एक भर की सिकड़ी, मांगटीका, अंगूठी, चांदी की दो पैजनी, एक मेहंदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना की जानकारी होने पर बेचन अली ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। चोरी की दोनों घटनाएं एक ही सीवान के दो गांवों में 500 मीटर की दूरी के आस-पास हुई है। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों घटनाओं को एक ही गैंग ने अंजाम दिया है।