चंदौली। सदर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल चौहारजा सिंह सदर सीओ प्रदीप सिंह चंदेल के रिश्तेदार है। कोतवाल आशुतोष ओझा के चहेते हैं। कुछ ऐसा ही गुमनाम पत्र शुक्रवार को एसपी संतोष सिंह को मिला। जिसमें बकाया सदर कोतवाली की मुहर लगी थी और प्रेषक में थाने के सिपाही और कर्मचारी होने का दावा किया गया था। एसपी ने उक्त कथित कारखास चौहारजा सिंह को कोतवाली से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय जांच भी बैठा दी है।
पत्र में लिखा है कि सदर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल चौहारजा सिंह कई वर्षो से एक ही थाने पर तैनात है। जो पशु, शराब, कोयला तस्करी के खेल में शामिल है और उसके तस्करों से घनिष्ठ संबंध है। इसके अलावा नंबर टेकरों, आरा मशीन संचालकों, सरकारी शराब की दुकानों से अवैध धन उगाही करता है। मजेदार बात यह है कि पत्र में चौहारजा सिंह को सदर सीओ प्रदीप सिंह का रिश्तेदार होने का दावा किया गया है। इसके अलावा वर्तमान कोतवाल आशुतोष ओझा चौहारजा सिंह के माध्यम से गैर प्रति माह लाखों रुपये का लेनदेन करने का भी उल्लेख है। मजेदार बात यह है कि पत्र भेजने वाले का नाम इसमें दर्ज नहीं है। हालांकि पत्र पर थाने की मुहर जरुर लगी है और प्रेषक में समस्त अधिकारी और कर्मचारी सदर कोतवाली लिखा है। एसपी के साथ ही पुलिस विभाग के सभी उच्चाधिकारियों के साथ राष्ट्रपति को भी पत्र भेजने का उल्लेख किया गया है। शुक्रवार को पत्र मिलने के बाद एसपी संतोष सिंह ने संबंधित हेड कांस्टेबल को सदर कोतवाली से डायल सौ में स्थानांरण करने के साथ ही जांच के आदेश दे दिए है। बताया कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।