चंदौली जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव में किशोर के अपहरण के बाद 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर गुरुवार को पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़ित परिवार के लोग किशोर के अपहरण और फिरौती की मांग से सदमे में हैं।
गांव निवासी नंदलाल जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र सिद्धार्थ उर्फ वीरू (17) मंगलवार की दोपहर अचानक घर से लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। वीरू के मोबाइल से फोन आया कि तुम्हारा लड़का हमारे पास है। बेटे की सलामती चाहते हो तो 20 लाख रुपये देने होंगे। वरना तुम्हारे बेटे को मार देंगे।
परिजनों ने कोतवाली पुलिस को इस बाबत जानकारी दी। पुलिस अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच में जुट गई है। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि किशोर के पिता नंदलाल की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस किशोर की बरामदगी को लेकर कार्रवाई में जुटी है।