नौगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं के घर मतदाता पर्ची बांटने का क्रम जारी है। इसी क्रम में रविवार की सुबह मतदाता पर्ची बांटने गए बीएलओ से अमदहा गांव की बस्ती में एक युवक ने दुर्व्यवहार किया और आवश्यक अभिलेख फाड़ दिए। बीएलओ ने थाने में इसकी तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी बीएलओ जितेन्द्र कुमार रविवार को अमदहां गांव में मतदाता पर्ची बांटने गए थे। घरों की पहचान के लिए बस्ती के ही एक अन्य युवक शीलाजीत को साथ ले लिया। दोनों पर्ची बांट ही रहे थे कि दलित बस्ती के एक व्यक्ति ने बीएलओ किसी पार्टी का प्रचारक समझ कर धमकाने लगा। बीएलओ और साथ चल रहे युवक ने बताया कि वे किसी पार्टी का प्रचार नहीं कर रहे बल्कि मतदाता पर्ची बांट रहे हैं। आरोप है कि इस बीच उस व्यक्ति ने रजिस्टर छीन लिया और कई पन्ने फाड़ दिए। चेतावनी दी कि यदि फिर बस्ती में दिखे तो अच्छा नहीं होगा। जितेन्द्र ने आनन फानन में सौ नंबर डायल कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस पहुंचती तब तक आरोपित फरार हो गया। पुलिस जितेन्द्र को साथ लेकर थाने आई और तहरीर ली। पुलिस के अनुुसार मामले की जांच की जा रही है।