सैयदराजा। झारखंड से बालू लेकर गोरखपुर जा रहे ट्रक को वन विभाग की टीम ने सीज कर दिया और चालक को पकड़ने के बाद उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया। गोरखपुर निवासी ट्रक मालिक नौशाद ने बताया कि चालक ट्रक का झारखंड से गोरखपुर तक का खनन विभाग द्वारा जारी रवन्ना व जीएसटी बिल लेकर चला था फिर भी ट्रक को वन विभाग ने सीज कर।
ट्रक मालिक ने बताया कि वाहन को सीज कर रामनगर भेज दिया गया। यह तब है जब सुप्रीम कोर्ट के अनुसार बालू खनन वन उपज नहीं है ऐसे में उसपर कोई ट्रांजिट शुल्क नहीं लिया जा सकता। इधर बगही स्थित वन विभाग कार्यालय के वन क्षेत्राधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि लोकमानपुर से ट्रक को पकड़ा गया। पकड़े गए ट्रक के पास बिहार या झारखंड का कोई परमिट नहीं था। वन विभाग कार्यालय पर ट्रांजिट शुल्क भी नहीं दिया था।
ट्रक को सीज कर रामनगर रेंज कार्यालय पर भेज दिया गया। चालक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।