मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने शनिवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात, आठ के पश्चिमी छोर से चेकिंग के दौरान पांच हजार के इनामी दो अपराधियों को नगदी, मोबाइल सेट, चोरी के जेवरात और नशीले पाउडर के साथ गिरफ्तार किया। जीआरपी के अनुसार दोनों बबुरी क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से ट्रेनों में चोरी कर रहे थे।
शनिवार की रात गश्त के दौरा जीआरपीकर्मी रात पौने नौ बजे प्लेटफार्म संख्या सात आठ के पश्चिमी छोर पर पहुंचे तो दो संदिग्ध युवक दिखे। दोनों को पकड़ कर उनके बेग की तलाशी ली गई तो उसमें नशीला पाउडर बरामद हुआ। इस पर दोनों को कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम बिगाड़ु डोम निवासी मछड़िया गोपालपुर झोपड़पट्टी, बबुरी और राजेश सोनकर निवासी रेमा अलीनगर बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 240 ग्राम नशीला पाउडर, 45 सौ रुपये नकद, सोने की दो अंगूठी, सोने की एक जोड़ी कान की बाली, चांदी की एक जोड़ी बिछिया, चांदी की एक जोड़ी पायल, तीन महंगे मोबाइल सेट आदि बरामद हुए। बरामद माल की कीमत एक लाख 15 हजार रुपये आंकी गई। जीआरपी मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि दोनों लंबे समय से ट्रेनों में चोरी कर रहे थे और दोनों पर पांच पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार,सतगुरू मिश्रा,कांस्टेबल अभिषेक पांडेय, आजाद खां, मंजीत सिंह रहे।