शिकारगंज (ब्यूरो)। चकिया नौगढ़ मार्ग पर जलेबिया मोड़ के पास गुरुवार की देर शाम अचेतावस्था में एक युवक पड़ा मिला। युवक को बेहोश देख चरवाहों ने सौ नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां होश में आने पर युवक न बताया कि अज्ञात लोगों ने उसकी ट्रैक्टर ट्राली लूट ली और उसे अचेत कर दिया।
क्षेत्र के नेवाजगंज गांव निवासी मुन्नी शाह के घर गुरुवार की सुबह 11 बजे अहरौरा, मिर्जापुर से कुछ लोग आए और ट्रैक्टर ट्राली किराए पर ले जाने की बात कही। किराए का सौदा पट जाने के बाद मुन्नी ने अपने बेटे रोशन (22) को उनके साथ मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना अंतर्गत फरहदां गांव भेज दिया। अज्ञात लोगों ने रोशन को फरहदां गांव में जलपान कराया। फिर एटीएम से पैसा निकालने की बात कहकर उसे निजी वाहन से सुकृत बाजार ले गए और ट्रैक्टर ट्राली वहीं खड़ी करा दिए। पुलिस को दिये बयान में रोशन ने बताया कि सुकृत बाजार के पहले ही वह अचेत हो गया। जब उसे होश आया तो वो अस्पताल में भर्ती था। युवक के पिता ने ट्रैक्टर ट्राली की चोरी व पुत्र के साथ हुई घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के विरुद्ध चकिया कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच करायी जा रही है।