चहनियां (चंदौली)। बलुआ थानांतर्गत सैफपुर गांव में अवैध तरीके से तंमचा बनाए जाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बुधवार तंमचा बनाने के आरोप में तेज बहादुर विश्वकर्मा उर्फ तेजू को धर दबोचा। पुलिस ने इसके घर से तंमचा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक तंमचा सहित एक अर्द्धनिर्मित तंमचा, दो गोलियां बरामद कीं। बाद में थाने लाकर आरोपित के खिलाफ धारा 03/25/26 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार यह एक तंमचा तीन हजार रुपये में लोगों को बेचा करता था।
सैफपुर गांव बलुआ थाना क्षेत्र का अंतिम गांव है। थाने से काफी दूरी होने के कारण इस क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी काफी कम रहती है। इसी गांव का तेज बहादुर तेजू अपने चार अन्य भाइयों संग रहता है। पुलिस के अनुसार इसके अन्य भाई बढ़ईगिरी का कार्य करते हैं और तेजू कई दिनों से असलहा बनाने का कार्य करता आ रहा था। लेकिन बीच-बीच में यह कहीं गायब हो जाता था। जिसके कारण यह पुलिस की पकड़ से बाहर था। बताया कि बुधवार को जरिए मुखबिर सूचना मिली की तेजबहादुर अपने घर आया हुआ है और एक तंमचा बनाकर किसी को बेचने की फिराक में है। जिसपर बलुआ थानाध्यक्ष एके सिंह ने एसआई धीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अमित कुुमार, सूबेदार सिंह टीम बनाई और निर्धारित स्थान पर छापेमारी की। जहां से पुलिस ने तेजबहादुर को तंमचा बनाने में इस्तेमाल होने वाले भांती, आरी, छैनी, हथौड़ी, रेती, कटर, पाइप, एक अर्द्ध निर्मित तंमचा, एक तंमचा, एक खोखा, एक कारतूस व अन्य सामान बरामद किया। इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।