बबुरी। क्षेत्र के चितौड़ी गांव के पास चकिया-पीडीडीयू मार्ग पर सोमवार को भोर में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक पीडीडीयू नगर के रहने वाले थे। वे चकिया में एक शादी समारोह में हलवाई के साथ मजदूरी करने गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जबकि घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। पीडीडीयू नगर के हनुमानपुर मुहल्ला निवासी तौफिक अहमद (40), शमशाद (25) और साबिर (24) रविवार को चकिया में एक शादी समारोह में हलवाई के साथ खाना बनाने गए थे। काम खत्म होने के बाद भोर में तीनों एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। चितौड़ी गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रक को तेज लाइट से बाइक असंतुलित हो गई और ट्रक से टकरा गई, जिससे तीनों गिर पड़े। तौफिक अहमद ट्रक के आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि शमशाद और साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। गश्त पर निकली पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ चकिया कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।