चंदौली। भाजपा जिला उपाध्यक्ष से रंगदारी मांगने वाला अंतरजनपदीय 15 हजार का इनामी शातिर अपराधी सोनू उर्फ शंभुनाथ उर्फ मनीष अरोड़ा शनिवार को चहनिया चौराहे के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके पास से पुलिस ने 262 ग्राम हेरोइन भी बरामद किया है। जिसकी कीमत 27 लाख रुपये बताई जा रही है। यह जानकारी रविवार को पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी। आरोपी इसके पहले भी रंगदारी मांगने के आरोप में कई बार जेल जा चुका है।
एसपी संतोष सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर पटेल के कार्यालय में घुसकर एक व्यक्ति धमकी देते हुए रंगदारी देने की मांग की। उपाध्यक्ष ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को गिरफ्तारी के लिए जिम्मेदारी दी गई थी। उस पर 15 हजार को इनाम भी घोषित किया गया था। बताया कि शनिवार को क्राइम ब्रांच और बलुआ पुलिस ने चहनिया चौराहे के पास से एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान पकड़े गए वाराणसी के बांसफाटक निवासी सोनू उर्फ शंभूनाथ उर्फ मनीष अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उसने भाजपा नेता के कार्यालय में घुसकर रंगदारी मांगा था। एसपी ने कहा कि पुलिस को आरोपी के पास से दो सौ 62 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है। बताया कि आरोपी पहले भी रंगदारी मांगने के आरोप में कई बार जेल जा चुका है और विभिन्न थानों में उसके ऊपर 17 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में स्वाट प्रभारी सत्येंद्र यादव, मुगलसराय कोतवाल शिवानंद मिश्रा, बलुआ थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शामिल थे।
चंदौली (ब्यूरो)। पुलिस के गिरफ्त में आए आरोपी मनीष अरोड़ा ने स्वीकार किया कि उसने पूर्व में भी कई बड़े नेताओं से बड़े अपराधियों के नाम पर रंगदारी मांग चुका है। उसने वर्ष 2016 में वाराणसी के पूर्व मंत्री शकील अहमद बबलू को फोन करके 50 हजार के इनामी मनीष सिंह सोनू के नाम पर रंगदारी मांगा और नहीं देने पर एक घंटे के अंदर एके 47 से गोली मारने की धमकी दी थी लेकिन पुलिस के सक्रिय होने के चलते पूर्व मंत्री के आवास के कुछ दूर ही गिरफ्तार हो गया। इसके अलावा उसने 2017 में मऊ में बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य मनोज राय से कुख्यात अपराधी सोनू सिंह के नाम पर पांच लाख की फिरौती मांगा था लेकिन इस बार भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।