शहाबगंज। क्षेत्र के टीरो गांव के समीप शनिवार को भोर में पुलिस ने एक पिकअप पर लदे सात मवेशियों को मुक्त कराया। इस दौरान चालक और तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मवेशियों को ग्रामीणों की देखरेख में दे दिया और पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि पशुओं की खेप लेकर तस्कर सुबह निकलने वाले हैं। इस सूचना के बाद तियरा के समीप पुलिस ने घेरेबंदी कर दी। इसी बीच एक पिकअप आते दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन की गति तेज कर दी। इस पर पुलिस ने पिकअप का पीछा किया। सौ नंबर पर डायल कर आगे भी घेरेबंदी करने का निर्देश दिया। टीरो गांव के समीप पुलिस से घिरता देख चालक और एक तस्कर पिकअप को छोड़ कर भाग निकले। वाहन में पांच बैल और दो गायें लदी थीं। सभी के पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त कराने के बाद ग्रामीणों के हवाले कर दिया। साथ ही पिकअप को थाने ले आई। इस मामले में दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।