सकलडीहा। सीओ त्रिपुरारी पांडेय के नेतृत्व में आरपीएफ चुनार और मुगलसराय की टीम ने शुक्रवार को संयुक्त रुप से कस्बा स्थित एक कपड़े की दुकान और दुकानदार के घर की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का रेडिमेट कपड़ा बरामद किया।
कई दिनों से पटना, इलाहाबाद, वाराणसी, गया से आने वाली मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की एसएलआर (सेल्फ लगेज रूम) की बोगी तोड़कर कपड़ों का बंडल चुराने का सिलसिला चल रहा था। इसको लेकर मुगलसराय और चुनार की आरपीएफ पुलिस परेशान थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सीओ त्रिपुरारी पांडेय के नेतृत्व में मुगलसराय, चुनार के आरपीएफ और कोतवाली पुलिस संयुक्त रुप से कस्बा की एक रेडिमेट दुकान पर छापा मारा। छापेमारी में चोरी हुई रेडिमेट कपड़ों का मिलान शत प्रतिशत होने पर दुकान को सीज कर दिया गया। दुकानदार शेषनाथ यादव के निशानदेही पर उसके घर से भूसा में छुपाकर रखे कपड़े भी पुलिस ने बरामद किया। इस संबंध में सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि बलारपुर गांव का युवक अरविंद यादव जो कई मामलों में जेल जा चुका है। वह ट्रेन की एसएलआर बोगी तोड़कर रेडिमेट कपड़ा चुराता था। चोरी के कपड़ों के साथ उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर चुनार अनिल दूबे और उनके सहयोगी तथा लोकल पुलिस टीम मौजूद रही।