धीना। थाना क्षेत्र के करजरा गांव स्थित तालाब में बुधवार की सुबह युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की शिनाख्त गांव के ही विकास (20) के रूप में हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह तालाब पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में उतराया शव देखा तो सन्न रह गए। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उसकी पहचान गांव के विकास के रूप में हुई। ग्रामीणों ने 100 नंबर डायल कर इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद थानाध्यक्ष रमेश प्रसाद अवही चौकी प्रभारी शिवानंद वर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मृतक के पिता मुन्ना राम की तहरीर के अनुसार विकास तीन दिन पहले शाम को शौच के लिए निकला था लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि विकास की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।