कंदवा। थाना क्षेत्र के ककरैत गांव स्थित शराब की दुकान पर बीते 19 अक्टूबर की रात बिहार के आदर्श नुआंव गांव निवासी संजय सिंह गुड्डू की पीटकर की गई हत्या के मुख्य आरोपी मंटू उर्फ उमेशचंद्र राय को पुलिस ने बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस हत्याकांड के बाद से उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी थी।
वर्ष 19 अक्टूबर को दशहरा की रात ककरैत गांव स्थित शराब की दुकान पर शराब पीने के दौरान हुए विवाद में बिहार के दुर्गावती थाना क्षेत्र के आदर्श नुआंव गांव निवासी संजय सिंह गुड्डू (45) की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई सुनील सिंह ने कटरा मालिक मंटू राय और एक अज्ञात के खिलाफ कंदवा थाने में हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद से ही मुख्य आरोपी मंटू राय फरार चल रहा था। बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ककरैत स्थित शराब की दुकान पर देखा गया है। सूचना मिलते ही कंदवा प्रभारी निरीक्षक सीके पुरी हमराहियों संग वहां पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।