धानापुर। बंगलुरू से कस्बा स्थित घर लौट रहे मृत्युंजय रस्तोगी (22) पीडीडीयू नगर से धानापुर आते समय जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरान रायपुर नहर के पास उसे बाइक से फेंककर उसके बैग से लैपटाप, मोबाइल और 4500 नकद रुपये लेकर फरार हो गए। वह बंगलूरू में एक निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत है। रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर घर आ रहा था। मृत्युंजय पीडीडीयू जंक्शन पर गुरुवार को शाम को उतरने के बाद धानापुर आने के लिए चकिया मोड़ पर गया। वहां धानापुर की बस नहीं मिली तभी एक युवक बाइक से आया और पूछा कि धानापुर का रास्ता कहां से है मुझे वहां जाना है जिसपर मृत्युंजय भी उसके बाइक पर बैठ गया। मृत्युंजय ने बताया कि रास्ते में बहुत खिलाने के प्रयास किया लेकिन मैंने नही खाया बावजूद डेढ़ावल चौकी के बाद मुझे कुछ याद नहीं है। इसके बाद जहरखुरान मृत्युंजय को रायपुर नहर के पास फेंक दिया और उसके सारे सामान समेटकर निकल लिए। शाम करीब आठ बजे नहर से गुजर रहे गांव के कुछ लोगों की नजर पड़ी तो उसकी पहचान की। उसे घर पहुंचाया गया। हालत ठीक नहीं होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां उपचार के बाद शुक्रवार को उसे छोड़ दिया गया। भुक्तभोगी ने बताया कि उसके बैग में दो लैपटॉप, दो मोबाइल, 4500 रुपया नगदी सहित लगभग दो लाख मूल्य का सामान ले गए। भुक्तभोगी ने स्थानीय थाने में तहरीर दी है।