बबुरी। स्थानीय थाना के परमानंद पुर गांव में शनिवार की दोपहर में गृह कलह से ऊबकर विवाहिता चंपा (28) पत्नी राजकुमार ने साड़ी का फंदा बनाकर छत के पंखे से सहारे झूल गई। इससे चंपा की मौत हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिर्जापुर जनपद के जमालपुर थाना अंतर्गत मदरापुर निवासी रामदेव की पुत्री चंपा का विवाह दस वर्ष पहले परमानंदपुर गांव में राजकुमार के साथ हुई थी। चंपा चार वर्ष के पुत्र की मां थी। शनिवार को दोपहर में चंपा घर में अकेले थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर पति ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई प्रतिकिया नहीं हुई। खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो चंपा साड़ी के फंसे से लटक रही थी। उसके शोर मचाने पर परिवार वालों की भीड़ जुट गई। परिवार वालों ने चंपा के मायके को सूचित किए बिना ही शव दाह की तैयारी कर दी। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचित कर दिया और पुलिस ने शव कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को दिए गए तहरीर के अनुसार विवाह के बाद से पति पत्नी के बीच खटपट रहती थी। पति, सास और श्वसुर लगातार प्रताड़ित करते थे। शनिवार को ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर दी और शव को चोरी चुपके जलाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार विवाहिता के पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।