नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव स्थित तालाब के किनारे गुरुवार की रात एक युवक अचेतावस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे युवक के परिजन उसे सोनभद्र जिले के लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल ले गए। यहां उसकी हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही शुक्रवार की सुबह घटनास्थल का मौका मुआयना भी किया। इस संबंध में मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर सेवईं में जहर खिलाकर हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं गांव में चर्चा है कि युवक की मौत को प्रेम प्रसंग के चलते हुई है।
गांव निवासी मुख्तार अंसारी (25) ग्रामीणों को गुरुवार की रात तालाब के किनारे बेहोशी की हालत में मिला। इसकी सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में वहां पहुंच गए। उन्होंने बेहोशी की हालत में उसे लोड़ी, सोनभद्र के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। घर वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे चकरघट्टा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने मौका मुआयना कर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।