बबुरी। थाना अंतर्गत बबुरी पीडीडीयू नगर मार्ग पर शिवनाथपुर चोर मरवा छलका में मंगलवार को आधी रात के बाद दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर बीएचयू पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बबुरी थाना अंतर्गत सिकंदरपुर पांडेयपुर निवासी आलोक बिंद (22), विक्की बिंद (16) पुत्र शमशेर, विरेंद्र कुमार (30) मंगलवार को एक ही बाइक पर सवार होकर बबुरी बाजार में परिचित के शादी समारोह में शामिल होने केे लिए गए थे। आधी रात के बाद तीनों वापस लौट रहे थे। तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। अभी वे शिवनाथपुर चोरमरवा छलका के पास पहुंचे थे कि सामने से एक अन्य बाइक आ गई और दोनों बाइक तेज रफ्तार होने की वजह से अनियंत्रित हो गई और आपस में टकरा गई। दोनों बाइक पर सवार चार लोग जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य तीनों की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। यहां आलोक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने विक्की के परिवार वालों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरे बाइक सवार का नाम पता नहीं चल सका। वहीं भीषण दुर्घटना की सूचना मिलते ही विक्की के गांव में कोहराम मच गया। विक्की दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था और हाईस्कूल का छात्र था जबकि आलोक इंटरमीडिएट का छात्र था। विक्की के घर में परिवार वालों का रो रोकर हाल बेहाल हो गया।
चकिया। कोतवाली के मुजफ्फरपुर गांव की दलित बस्ती में बुधवार की दोपहर शिवमूरत राम की रिहायशी मड़ई नहर के कूड़ा-करकट जलाने के कारण चिंगारी की चपेट में आ गयी तथा जलकर नष्ट हो गई। मड़ई जलने से गरीब दलित को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। ग्रामीणो ने शिवमूरत को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ब्यूरो
चकिया। कोतवाली क्षेत्र के मझगांवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही लोगों ने रत्नेश (15) नामक किशोर को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल किशोर को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। किशोर द्वारा कोतवाली में नामजद तहरीर दी गई है। ब्यूरो