शहाबगंज। थाना क्षेत्र के बड़गावां गांव में बुधवार की रात चोरों ने पूर्व सैनिक के घर में घुस कर आलमारी का ताला तोड़ कर तीस हजार रुपये नकद सहित तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल कर जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया। चोरी की बड़ी घटना से गांव में दहशत है।
पूर्व सैनिक उस्मान शेख पत्नी जुबेदा निशा और बहु के साथ पक्के मकान में रहता हैं और खेती बारी करते हैं। तीन बेटे में दो बेटे सउदी अरब में रहते हैं। हाल ही में मझले बेटे मोहम्मद कमाल ने कोरियर से मेकअप बाक्स, मोबाइल, टार्च सहित अन्य सामान भेजा था। बुधवार की रात उस्मान पूरे परिवार के साथ खाना खाकर खुद खलिहान में सोने चले गये। घर में पत्नी जुबेदा और बहू सो गई। रात एक बजे के बाद पीछे की चहारदीवारी के सहारे चोर छत पर चढ़ गए और सीढियों से नीचे आ गए। चोरों ने बक्सा और आलमारी वाले कमरे में घुसकर आलमारी का ताला तोड़ दिया और तीस हजार रुपये नकदी सहित सोने का मांगटीका, चेन, हार, नथिया, अंगूठी सहित तीन लाख रुपये मूल्य के सामान चुरा लिए। सुबह जुबेदा नमाज पढ़ने उठी और कमरे का दरवाजा खुला देखा तो भौचक रह गई। शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोस के लोग जाग गए। उस्मान भी घर पहुंचे और यूपी100 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा दल बल के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस संबंध में सीओ चकिया कुंअर प्रभात सिंह ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।