नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव में पिछले दिनों पुलिस मुठभेड़ में मारे गए इनामिया बदमाश वीरेंद्र बेनवंशी के मामले में जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम मुगलसराय एनकाउंटर की जांच करेंगे। मुगलसराय कोतवाल शिवानंद मिश्रा और क्राइम ब्रांच की टीम ने 20 मार्च को अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव में मुठभेड़ के बाद वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के मानापुर गांव के इनामिया बदमाश वीरेंद्र बेनवंशी को ढ़ेर कर दिया था। दिन में हुए इस एनकाउंटर के बाद पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए थे। जिस पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने पूरे प्रकरण मजिस्ट्रीयल जांच गठित कर दी है। इस जांच की जिम्मेदारी एसडीएम मुगलसराय को सौंपी है। इस बाबत एसडीएम मनोज सिंह ने बताया कि घटना के बारे में यदि कोई व्यक्ति अपना बयान अथवा साक्ष्य देना चाहता है तो 17 से 26 अप्रैल तक किसी भी कार्यदिवस में दस बजे दो तक कार्यालय में आकर प्रस्तुत कर सकता है। बताया कि इसके बाद एनकाउंटर में शामिल सभी लोगों को नोटिस देकर उनसे भी जवाब तलब किया जाएगा।