नौगढ़। जंगल से गायब वनरक्षक के गुमशुदगी के मामले में मिली तहरीर के आधार पर सोमवार को नौगढ़ पुलिस ने घटना के 23 दिन बाद अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गायब वनरक्षक के पुत्र उदय नाथ को इंस्पेक्टर ने बुलाकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद जंगल से बरामद मोटरसाइकिल के स्थल का निरीक्षण किया और आस पास की पहाड़ियों पर बसे बस्ती के लोगों से पूछताछ की।
दरअसल काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के जय मोहनी रेंज में कार्यरत वनरक्षक दूधनाथ 31 अगस्त को अपने घर बट्ट गया था और एक सितंबर को वन क्षेत्र में गस्त करने के दौरान गायब हो गया। तब से उसका पता नहीं चला। घर वालों की तहरीर पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। गुमशुदगी की रिपोर्ट नवगढ़ थाने में दर्ज हुई थी जिसके बाद पुलिस के कांबिंग में चार सितंबर 2018 को चिकनी पहाड़ी पोस्ता नाला के पास मोटरसाइकिल कपड़ा मिला उसके बाद से वह गायब है। वनरक्षक की पत्नी निशा देवी ने 19 सितंबर को मंडलीय समीक्षा बैठक में आए कमिश्नर दीपक अग्रवाल से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया और पति के अपहरण की आशंका जताई तथा उनसे न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद सोमवार गायब वनकर्मी के बेटे ने अपहरण की तहरीर दी इसके आधार पर पुलिस ने सोमवार को अपहरण का मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।