चंदौली। जुमा और होली पर्व एक ही दिन आयोजित होने से कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जिलाधिकारी हेमंत कुमार और एसपी संतोष सिंह ने सोमवार को जिम्मेदार अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत लोगों संग कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक की और त्यौहार को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए रणनीति तैयार की। अधिकारियों ने लोगों की समस्या सुनीं । डीएम ने स्पष्ट किया कि पुलिस और प्रशासनिक अमला तरह से चौकन्ना है। अशांति पैदा करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने नगर पालिका और पंचायतों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया तो ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी पंचायती राज अधिकारी को सौंपी। कहा कि प्रत्येक दस सफाई कर्मियों पर एक हेड की तैनाती करें और होलिका के आस-पास तथा गांवों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। होली के दिन आबकारी की दुकानों को पूरी तरह से बंद कराने के लिए आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही यह भी कहा कि होली के मद्देनजर ईंट भट्ठों पर छापेमारी कर जहरीली शराब बनाने वालों पर कार्रवाई करें। कहा कि जहां मिश्रित आबादी है वहां पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। आपस में सामंजस्य स्थापित कर पर्व को सकुशल संपन्न कराएं। कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को बताएं कि जो रंग से परहेज करे उसपर कदापि रंग न डालें। होली खेलने के दौरान पेंट या कीचड़ का प्रयोग न करें। एसपी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है नमाजियों और होली खेलने वालों का टकराव न हो।