नौगढ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद दो मई को मतगणना का कार्य किया जाएगा। मतगणना दो शिफ्टो में होगी। इस दौरान पहली शिफ्ट दो मई को सुबह आठ से रात आठ बजे तक। दूसरी शिफ्ट रात आठ बजे से दूसरे दिन सुबह आठ बजे तक होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि दो शिफ्टो में मतो की गिनती का कार्य पूरा हो जाएगा। वहीं राजकीय महाविद्यालय नौगढ़ के दो कमरों में ऊपर बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें नौगढ़ ब्लॉक के 43 गांवों की मतपेटियां रखी गई हैं। खंड विकास अधिकारी नौगढ़ सुदामा यादव ने बताया कि आठ न्याय पंचायतें है। प्रत्येक न्याय पंचायतों के गांवों की गिनती तीन कमरों में की जाएगी। इसलिए कॉलेज के छह कमरों में मतगणना होगी। कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मतगणना के लिए एक कमरे में दो टेबुल लगेगी। बताया कि दो मई को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू करा दी जाएगी। इसके लिए कर्मियों को टेबल पर सुबह छह बजे पहुंचना पड़ेगा। ब्लॉक की तरफ से एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अलग से तैनात किये जाएंगे। मतगणना के दौरान प्रत्येक टेेबुल के पास एक समय में प्रत्याशी या एजेंट में से कोई एक ही रह सकेगा। एजेंट को आई कार्ड जारी किये जाएंगे। लॉकडाउन के दिन गिनती होने की वजह से आईडी दिखाकर ही वह मतगणना स्थल तक जा सकेंगे। बताया कि मतगणना के लिए एजेंट बनने वाले व्यक्ति को अपनी कोरोना जांच कराना जरूरी है। जिस व्यक्ति के पास 72 घंटे पहली कोरोना जांच निगेटिव होगी, उसी को एजेंट बनाया जा सकेगा।