पीडीडीयू नगर। नगर पालिका जनप्रतिनिधि बोर्ड की बैठक में बुधवार को सभासदों ने हंगामा किया। नामांतरण और स्वकर के मामले में अभिमत नहीं लिए जाने से नाराज सभासद बोर्ड की बैठक छोड़कर जाने लगे।
ईओ ने सभासदों को मामले की जांच कर संबंधित कर निरीक्षक से जवाब तलब करने का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए भवन स्वामियों से यूजर चार्ज लेने के प्रस्ताव का भी सभासदों ने विरोध किया। बैठक में 50 कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग पर रखकर कूड़ा कलेक्शन करवाने का निर्णय लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में सबसे पहले प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना ने संबोधित किया। बैठक शुरू होते ही सभासद राजेश जायसवाल, शैलेंद्र गुप्ता, पारस यादव और अमित खरवार आदि ने हंगामा कर दिया।
सभासदों ने कहा कि पिछली बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया था कि नामांतरण और स्वकर के मामले में संबंधित सभासदों अभिमत लिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। सभासद वंश नारायण चौहान, अमित खरवार और सुरेंद्र चौहान ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप और लॉन संचालकों को कर निरीक्षकों की ओर से लाभ दिया जा रहा है। ईओ ने संबंधित कर निरीक्षकों को कारण बताओं नोटिस जारी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभासद शांत हुए। सभासद पारस यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता पर पहले से ही स्वकर समेत विभिन्न कर लगाए जा रहे हैं।
पालिका की ओर से नागरिकों को सड़क और नाली की सुविधा भी नहीं दी जा रही है।
राजेश जायसवाल ने कहा कि कई जगह नालियां सिल्ट से भरी पड़ी हैं। इस पर सभासद शैलेंद्र गुप्ता ने आउटसोर्सिंग पर पचास कर्मियों को रखकर उनसे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कराने का प्रस्ताव दिया। अन्य प्रस्तावों को सभासदों ने संशोधन के साथ पास किया। संवाद