सैयदराजा। नगर पंचायत सभागार में बुधवार को चेयरमैन आभा जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में सभासदों ने जल निकासी, शुद्ध पेयजल, सड़क और नाली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान नगर पंचायत कार्यालय के पूरब तथा गांधी आश्रम से सटे रास्ते पर बड़ा लोहे का गेट लगवाने, शौचालय के निर्माण सहित विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि बैठक में कई प्रस्ताव पारित हुए। सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। बैठक को वित्तीय वर्ष 2024-25 की अंतिम बैठक मानी जा रही है। बुधवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे बैठक शुरू हुई। बैठक के दौरान सभी तेरह वार्डों के सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की विभिन्न समस्याओं से चेयरमैन व अधिकारियों को अवगत कराया। सभासदों का कहना था कि घरों से निकलने वाले गंदे जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उनका यह भी कहना था कि कई जगह पेयजल पाइप में लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। सभासदों ने पुरानी नालियों तथा क्षतिग्रस्त रास्तों को ठीक कराने की भी मांग की। इस दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश जायसवाल के अलावा सभासद गीता देवी, इंतखाब अंसारी, फेराक अंसारी, मनीष कुमार, संतोष जायसवाल, धीरज गुप्ता, शिवा साव आदि मौजूद रहे।