पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने लोगों की जीवनचर्या को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। लोग शरीर की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) बढ़ाने के उपाय करने में जुट गए हैं। इसके अलावा सुबह चाय के स्थान पर काढ़ा पीने के अलावा व्यायाम और योग करने लगे हैं। वहीं घरों में वाष्प (भाप) लेने की मशीन रखकर सुबह शाम भाप ले रहे हैं। कुल मिलाकर कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोग अनुशासित जीवन की ओर लौटने लगे हैं। वहीं लोगों का रुझान तेजी से आयुर्वेद की ओर भी हो रहा है। इन दिनों लोग चिकित्सक की सलाह पर जय मंगर रस, महालक्ष्मी विलास रस आदि आयुर्वेदिक दवाओं का सेवन कर रहे हैं। लोगों की बदली जीवनचर्या को लेकर समाज के कुछ संभ्रांत लोगों व खिलाड़ियों से बात की गई तो उन्होंने अपने विचार इस प्रकार प्रकट किए। शिक्षक सुरेश कुमार ने कहा कि कोरोना नामक महामारी ने जीवन शैली को बदलकर रख दिया है। वे इन दिनों सुबह उठने के बाद हल्का व्यायाम और योग कर रहे हैं। इसके अलावा चाय की जगह तुलसी के पत्ते, अदरक, गोलमिर्च आदि से तैयार काढ़ा पी रहे हैं।