चंदौली जिले में कोरोना संक्रमण के प्रभाव से नवजात भी अछूते नहीं रहे। गुरुवार को आई रिपोर्ट में एक नवजात, चार बच्चों सहित 37 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं कोरोना से आज आठवीं मौत हो गई। बीएचयू से मौत की रिपोर्ट मिली। बीस लोगों ने कोरोना को मात दी अस्पताल से छुट्टी पाकर घर पहुंचे।
मिली रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले 37 लोगों में एक नवजात शिशु, 3 बालिका, एक बालक, 12 महिला और 20 पुरूष हैं। इनमें से एक पुणे से, एक हैदराबाद से और एक भोपाल से आए हैं। अन्य सभी लोकल ट्रैवलिंग व अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 2 स्वास्थ्य कर्मी, 2 पुलिस विभाग से, एक शिक्षक, एक, न्यायालय कर्मी, 4 रेलकर्मी, एक फौजी, एक जल निगम का जेई, एक पत्रकार, एक सुरक्षाकर्मी, एक ड्राइवर है।
ये लोग क्रमश: चकिया ब्लाक से 3, शहाबगंज के 10, सैयदराजा से 3, सकलडीहा से 1, चंदौली नगर 3, नियामताबाद से 13, धानापुर से एक और पीडीडीयू नगर के 3 रहने वाले हैं। इन सभी के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कान्टैक्ट ट्रेसिंग कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बीएचयू हास्पिटल से एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना मिली है। दूसरी तरफ आज बीस लोगों के संक्रमण मुक्त होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई। इस प्रकार जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 829 केस हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 265 है जबकि 556 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है।