कोरोना कर्फ्यू का सड़क पर नहीं दिख रहा है असर
दुकानों के शटर गिरे, सड़कों पर नहीं थम रहे वाहनों के पहिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
पीडीडीयू नगर। कोरोना कर्फ्यू के चौथे दिन मंगलवार को बंदी का असर कम दिखा। नगर सहित पूरे जिले के बाजारों में दुकानें बंद रही लेकिन सड़कों पर चहल पहल पहले की तरह बनी रही। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी न होने की वजह से सड़क पर बे-रोक टोक वाहन चलते रहे। चोरी छिपे दुकानों पर सामान भी बिकते रहे। यही नहीं जगह जगह लोग झुंड बनाकर बेवजह सड़कों पर घूमने से भी बाज नहीं आए।
कोरोना के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू घोषित कर दिया है। इसके पहले मंगलवार की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू घोषित रहा। दो दिन कर्फ्यू बढ़ाने के बाद अब लोगों का सब्र टूटने लगा है। मंगलवार को कर्फ्यू के प्रति लोग लापरवाह दिखे। सड़कों पर पुलिस की ड्यूटी न होने की वजह से भी लोगों में बेफिक्री दिख रही है। नगर के नगर के एलबीएस कटरा, गल्ला मंडी, धर्मशाला रोड, परमार कटरा, रस्तोगी गली, वेस्टर्न बाजार सहित अन्य बाजार में दुकानें पूरी तरह बंद रही। हालांकि छोटी गलियों में चाय पान की दुकानों के बंद शटर के नीचे से सामान बिकते रहे। रेलवे स्टेशन पर आटो रिक्शा और विक्रम चलते नजर आए। सड़कों पर बाइक, कार और पैदल लोग बेरोक टोक चलते नजर आए। कसाब महाल, काली महाल, चतुर्भुजपुर, परशुरामपुर, अलीनगर सहित अन्य इलाकों में युवा सड़कों पर एक साथ टहलते रहे। इक्का दुक्का गलियों में कोतवाली पुलिस माइक से संपूर्ण लॉकडाउन है, लोग सावधान रहें की घोषणा करती दिखी। जिले में दुलहीपुर, नियामताबाद, लाखापुर चौराहा, गोधना चौराहा, कटरिया, पांडेपुर ,सिघीताली, इलिया कस्बा, मालदह, बेन तियरी, सैदूपुर, खरौझा, कलानी बरियारपुर, बबुरी, दुलहीपुर, पड़ाव, शहाबगंज, चकिया, नौगढ़, सैयदराजा, चंदौली, चहनियां, धानापुर सहित अन्य बाजारों में दुकानें बंद रही।