चंदौली। कोरोना से बचाव को आने वाली वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुट गया है। ऊपर से निर्देश मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने सीएमओ दफ्तर के पास दवा स्टोर रुम में डी-फ्रिजर लगाने की तैयारी शुरु कर दी है। ताकि दवा को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। कोरोना संक्रमण जैसी गंभीर बीमारी की वैक्सीन अब तक अस्पतालों में उपलब्ध नहीं हो सकी है। इस पर लंबे समय से काम भी चल रहा है। अब केंद्र सरकार की ओर से वैक्सीन लांच करने की तैयारी चल रही है। इससे पहले इसे सुरक्षित रखना भी चुनौती है। ऐसे में वैक्सिन को लांच होने से पहले अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि दवा के स्टाक को सुरक्षित रखने की तैयारी कर ली जाए। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि अगले माह में वैक्सीन को स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग क अफसरों ने सीएमओ कार्यालय के पास दवा स्टोर रुम में डी फ्रिजर सहित अन्य उपकरणों को लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। सीएमओ डा. आरके मिश्रा ने बताया कि वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। दवा आने से पहले जरुरी व्यवस्थाओं को पूरा करा लिया जाएगा।