लोको चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक करते डा.आरके मिश्रा व ?
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में सोमवार को चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बैठक की। इसमें कोरोना से बचने व सतर्कता बरतने को लेकर चर्चा की गई। नोडल अधिकारी डा.डीके सिंह ने लोगों से कोरोना से बचने के लिए सावधानी बरतने का आह्वान किया। कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिला नोडल अधिकारी डा.डीके सिंह ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहने और इससे डरें नहीं बल्कि सतर्क रहें। कोरोना वायरस फैलने की वजह कोरोना से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना है। मेडिकल हिस्ट्री हो तो तभी जांच कराएं। कोरोना वायरस ज्यादातर उन्हीं लोगों को हो रहा है जो कि पहले चीन, जापान, इटली में रहने वाले कोरोना से संक्रमित लोगों के संपर्क में आ रहे हैं। इसलिए अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंचने वाले लोगों से चिकित्सक सबसे पहले उनकी मेडिकल हिस्ट्री के बारे में पता करते हैं। इस दौरान डा.नीलम ओझा, डा.अनिल सुमन, डा.संजय कुमार, डा. कन्हैया कुमार, डा.एके सिंह, आरके यादव, मोहन, रत्तीलाल रहे।
ये अवश्य करें
सीएमएस डा. भूपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि हाथ मिलाने के बजाय हाथ जोड़कर एक दूसरे से नमस्ते करें। खांसते वक्त मुंह पर रुमाल जरूर रखें। दिन में कई बार साबुन से अपने हाथों को धोएं। किसी तरह की परेशानी होने पर चिकित्सक से सलाह लें।
कोरोना वायरस के ये हैं लक्षण
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज को पहले खांसी, जुकाम, बुखार और सांस फूलने की बीमारी होती है। लेकिन लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। जिस व्यक्ति को जुकाम, बुखार और खांसी है जरूरी नहीं वह कोरोना से संक्रमित है। बढ़ते तापमान में कोरोना वायरस प्रभावी नहीं हो सकेगा। इस तरह के वायरस सर्दियों में ही सक्रिय हो सकते हैं।