पीडीडीयू नगर। परिषदीय विद्यालयों में रसोइयों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। शासन की ओर से रसोइयों के यूनिफॉर्म के लिए अनुदान राशि जारी कर दी गई है। अब निर्धारित ड्रेस के बिना भोजन बनाने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले के 1,185 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.65 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। प्रत्येक विद्यालय में दो से चार रसोइयों की तैनाती की गई है। शासन ने वर्ष 2024 में रसोइयों के लिए ड्रेस कोड लागू किया था। इसके तहत रसोइयों को भूरे रंग की साड़ी, एप्रन और हेड कैप पहनकर ही भोजन बनाना होगा। साथ ही भोजन तैयार करते समय स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करना होगा।
जून में यूनिफॉर्म के लिए रसोइयों के खातों में धनराशि भेज दी गई थी।
जिला समन्वयक नीरज सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि रसोइयों से निर्धारित यूनिफॉर्म में ही भोजन तैयार कराया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि कोई रसोइया बिना ड्रेस के भोजन बनाते हुए पाया गया या विद्यालय द्वारा यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने में लापरवाही बरती गई, तो कार्रवाई की जाएगी।