पीडीडीयू नगर नगर स्थित जायसवाल स्कूल रोड का निर्माण कार्य काफी जद्दोजहद के बाद शुरू हो गया। पिछले दस साल से इस मार्ग की स्थिति काफी खराब थी। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। बारिश में तो सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो जाती थी।
एक करोड़ रुपये से यहां सीसी (सीमेंट कंक्रीट) मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को नगर पालिका चेयरमैन और सभासदों ने मार्ग के निर्माण का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित जायसवाल स्कूल रोड चार वार्डों को जोड़ती है।
इसमें लाठ नंबर दो भाग एक, पथरा भाग एक, पथरा भाग दो, पराहूपुर आदि वार्ड शामिल हैं। इसके अलावा यह मार्ग आगे के ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ता है। इस मार्ग से हर रोज चार से पांच हजार लोग आवागमन करते हैं।
पिछले दस सालों से इस मार्ग का निर्माण नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना कर रहे थे। अब नगर पालिका की ओर से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क व पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण करा रही है।
नगीना चाय वाले से लेकर विकास नगर कालोनी तक कार्य शुरू हो गया। हालांकि बारिश के चलते कार्य मेंं थोड़ा विलंब हो रहा है। ठेकेदार की ओर से अभी तक मार्ग पर सिर्फ गिट्टी ही गिराई गई है।
नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने सभासदों से कार्य का निरीक्षण उसे समयावधि के भीतर खत्म करने निर्देश दिया है। इस मौके पर सभासद महेंद्र पटेल, अमित खरवार, संतोष, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका की ओर से जायसवाल स्कूल रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता को लेकर विशेष ध्यान दिये जाने के निर्देश ठेकेदार को दिये जा चुके हैं। कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
-सोनू किन्नर, चेयरमैन, नगर पालिका, पीडीडीयू नगर