चंदौली। जिला यूथ कांग्रेस की तरफ से पीएम के जन्मदिन पर केक के बजाय कद्दू काटकर राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस मनाया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष माघवेंद्र मूर्ति ओझा ने देश में बढ़ती बेरोजगारी के लिए नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि नोटबंदी से देश उबरने में लगा था। इसी बीच भाजपा सरकार ने जीएसटी लागू कर देश को दोहरी मार दी। इन कुनीतियों के कारण आज देश उबर नहीं पाया और बेरोजगारी तेज रफ्तार से बढ़ रही है। इस दौरान युवा कांग्रेसियों ने पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पंडित कमलापति पार्क गए। इस अवसर पर सर्वेश पांडेय, संदीप दुबे, दिलीप यादव, आकाश द्विवेदी, हरिशंकर सिंह, अमन, विवेक सिंह, ज्ञान प्रकाश, सुजीत कुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।