पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के तहत माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का ब्योरा 15 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसी डाटा के आधार पर परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाएंगे।
पांच फरवरी से प्रस्तावित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत सभी माध्यमिक विद्यालयों को अपने यहां कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों का पूरा विवरण निर्धारित समयसीमा में पोर्टल पर अपडेट करना होगा। इसमें कर्मचारियों से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। साथ ही अपलोड किए गए डाटा की शुद्धता की जांच भी करनी होगी, ताकि परीक्षा संबंधी आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षकों और कर्मचारियों का ऑनलाइन डाटा केवल परीक्षा ड्यूटी के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों में भी उपयोग किया जाएगा।
इसी के आधार पर प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए परीक्षकों की नियुक्ति और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की जिम्मेदारी तय करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सही और पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। संवाद